वर्ष 2024-25 के दौरान 54 महिलाओं-लड़कियों को 25 लाख 14 हजार 684 रुपए की दी सब्सिडी
राज की नीति न्यूज, कुरुक्षेत्र :
हरियाणा महिला विकास निगम कुरुक्षेत्र जिला प्रबंधक ने कहा कि हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा महिलाओं व युवतियों को शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण दिया जा रहा है। ये पहले महिलाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक रूप से सहयोग देने के लिए शुरू की हुई है। उन्होंने कहा कि परिवार के पास सीमित साधनों के कारण महिलाओं को उच्च शिक्षा देने से रोक दिया जाता है। अत्यधिक फीस व बैंकों के शिक्षा ऋण पर ब्याज दर के भार को कम करने के लिए हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा एक अप्रैल 2007 से बैकों के माध्यम से महिलाओं-लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज दर पर सब्सिडी देने की पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि निगम से सब्सिडी प्राप्त करने के लिए आय, जाति का कोई मापदंड नही है। यहां तक की सरकारी कर्मचारियों की लड़कियों को भी शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज की सब्सिडी दी जाती है। ऋण-सब्सिडी सुविधा देश और विदेश में उच्च शिक्षा व्यावसायिक, शिक्षा तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर, डॉक्टरल, पोस्ट डॉक्टरल लेवल पर उपलब्ध है। निगम में जिला प्रबंधक ने स्कीम की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान 54 महिलाओं-लड़कियों को 25 लाख 14 हजार 684 रुपए की सब्सिडी दी गई। इच्छुक महिलाएं व लड़कियां अधिक जानकारी के लिए निगम के जिला कार्यालय हरियाणा महिला विकास निगम, कोठी नंबर 465/5, मदानो वाली गली कुरुक्षेत्र या फोन नंबर 01744-223658 पर संपर्क कर सकती हैं।