केंद्र व राज्य सरकार आमजन मानस को सहुलियत देने के लिए 24 घंटे कर रही है कार्य : नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंच पर मौजूद सीएम नायब सिंह सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष तजिंदर सिंह गोल्डी व अन्य पार्टी सदस्य।


कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार आमजन मानस को सहुलियत देने के लिए 24 घंटे कार्य कर रही है। इस देश व प्रदेश में समाज के अंतिम व्यक्ति की समस्या और सोच को जहन में रखकर जनकल्याणकारी योजनाएं तैयार की जा रही है। इन योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान हो रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को देर सायं लाडवा के एक निजी पैलेस में भाजपा की तरफ से आयोजित सक्रिय सदस्यता अभियान कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल, भाजपा के जिला अध्यक्ष तजिंद्र सिंह गोल्डी, हरियाणा पशुधन विकास निगम के चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, प्रदेश सचिव राहुल राणा ने भारत माता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और दीप शिखा प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा हल्का के कार्यकर्ताओं व आमजन के मन की बात को सुना। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं भी रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक-एक व्यक्ति की समस्या का समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्र और प्रदेश की तमाम योजनाओं को सक्रिय भाजपा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा और कहा कि सरकार की एक-एक योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सक्रिय कार्यकर्ता का मुख्य दायित्व है। इस प्रदेश में जिस प्रकार भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने संघर्ष से ट्रिपल इंजन की सरकार को बनाया है, ठीक उसी प्रकार इस ट्रिपल इंजन की सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय कार्यकर्ता अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता।


प्रधानमंत्री 14 को देंगे करोड़ों की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 अप्रैल को भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती समारोह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेशवासियों को करोड़ों रुपए की सौगात देने के लिए हरियाणा में आ रहे है। प्रधानमंत्री हिसार में एयरपोर्ट का उदघाटन और यमुनानगर में 800 मेगावाट के थर्मल प्लांट का शिलान्यास सहित अनेक परियोजनाओं की सौगात देंगे।
तीन गुना गति से विकास कार्य करवाएगी सरकार
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबका साथ सबका विकास और हरियाणा एक हरियाणवी एक की नीति को आधार बना कर ट्रिपल इंजन की सरकार तीन गुणा तेज गति के साथ विकास कार्य करवाएंगी। इस प्रदेश के सभी हल्कों में छोटी और बड़ी परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पूरा खाका भी तैयार कर लिया गया है। इस प्रदेश के हर व्यक्ति को खुशहाल बनाने की सोच लेकर सरकार आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही आमजन की एक-एक समस्या को तव्वजो देकर सरकार समाधान कर रही है। इस सरकार के कार्यकाल में आमजन को अपनी समस्या लेकर चंडीगढ़ न आना पड़े इसके लिए जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर सप्ताह में 2 दिन समाधान शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है।

संसद नवीन जिंदल से बातचीत करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।


भाजपा विश्व का सबसे मजबूत संगठन : जिंदल
भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद नवीन जिंदल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे मजबूत संगठन है और एक-एक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से अपनी भूमिका अदा कर रहा है। भाजपा के जिला अध्यक्ष तजिंद्र सिंह गोल्डी ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में सक्रिय कार्यकर्ताओं ने चुनावों में खूब संघर्ष किया। इस संघर्ष ने एक नए इतिहास को जन्म दिया और प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी है। हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन भाजपा नेता डा. गणेश दत्त ने किया। इस मौके पर नगरपालिका की अध्यक्षा साक्षी खुराना, मुख्यमंत्री के कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी आदि उपस्थित थे।

12 Responses

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें