राजकीय स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने और टैलेंट पर खर्च होगा 11 करोड़ 39 लाख का बजट : उपायुक्त नेहा सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राज की नीति न्यूज, कुरुक्षेत्र : उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सरकार की तरफ से राजकीय स्कूलों की इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने पर विशेष फोकस रखा है। इन स्कूलों में तमाम सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए भी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। इस जिले में शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार स्कूलों के इन्फ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट जैसे अहम विषयों पर सरकार की तरफ से करीब 11 करोड़ 39 लाख का बजट तय किया है।

उपायुक्त नेहा सिंह ने बातचीत करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गृह क्षेत्र कुरुक्षेत्र में राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को तमाम सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। इस जिले में समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत राजकीय स्कूलों में 35 से ज्यादा विषयों को जहन में रखकर कार्य किया जा रहा है। इन विषयों में स्कूलों में कमरों का निर्माण करना, बच्चों की प्रतिभा में निखार लाने के लिए 15 अगस्त, 26 जनवरी, कला उत्सव के साथ-साथ साल भर की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए मंच उपलब्ध करवाने और स्कूलों में मरम्मत आदि के कार्य करवाए जाते हैं।

गतिविधियों के लिए जारी किए 6.20 करोड़ रुपए

उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से समग्र शिक्षा की 35 से ज्यादा गतिविधियों को पूरा करने के लिए 7 करोड़ 12 लाख रुपए वर्ष 2024-25 के लिए सैंक्शन किए और इसमें से 6 करोड़ 20 लाख रुपए की राशि गतिविधियों के लिए जारी की गई है। इस जिले में शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार स्कूलों को अपग्रेड करने के लिए सरकार की पीएमश्री योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। इस जिले में वर्ष 2024-25 में 46 गतिविधियों के लिए पीएमश्री के तहत 1 करोड़ 75 लाख रुपए की ग्रांट सैंक्शन की गई और इसमें से 1 करोड़ 67 लाख रुपए की ग्रांट जारी कर दी गई है। इतना ही नहीं पीएमश्री योजना और समग्र शिक्षा के तहत स्कूलों में सिविल कार्य करवाने के लिए 4 करोड़ 54 लाख रुपए का बजट मंजूर किया गया और इसमें से 3 करोड़ 50 लाख का बजट जारी किया गया है।

एसएमसी के माध्यम से स्कूलों में किए जाएंगे 26 विकास कार्य

उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग ने दिसंबर 2024 तक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) के माध्यम से स्कूलों में क्लास रूम, लाइब्रेरी, कंप्यूटर रूम व हेड मास्टर रूम सहित अन्य कार्य करवाए हैं। इस वित्त वर्ष 2024-25 में 26 विकास कार्य करवाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सरकार ने 2 करोड़ 61 लाख रुपए का बजट मंजूर किया है। यह सभी कार्य प्रगति पर है और इसके लिए करीब 2 करोड़ रुपए का बजट जारी कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें