कोच गुरविंद्र सिंह ने दिखाई साई के फिट इंडिया फिटनेस अभियान के तहत निकाली साइकिल रैली को झंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राज की नीति न्यूज, कुरुक्षेत्र :

साई के सेवानिवृत्त चीफ हॉकी कोच गुरविंद्र सिंह ने कहा कि विकसित भारत और विकसित हरियाणा बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ रहना होगा। फिटनेस केवल एक शब्द नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ और समृद्ध जीवन का आवश्यक स्तंभ होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, स्वास्थ्य सिर्फ रोग या दुर्बलता की अनुपस्थिति ही नहीं, बल्कि एक पूर्ण शारीरिक, मानसिक और सामाजिक खुशहाली की स्थिति होती है। एक स्वस्थ व्यक्ति रोजमर्रा की गतिविधियों से निपटने के लिए और किसी भी परिवेश के मुताबिक अपना अनुकूलन करने में सक्षम होता है। कोच गुरविंद्र सिंह रविवार को साई सेंटर कुरुक्षेत्र में भारतीय खेल प्राधिकरण की तरफ से आयोजित फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम में बोल रहे थे।

इससे पहले सेवानिवृत्त चीफ हॉकी कोच गुरविंद्र सिंह, पूजा माडल स्कूल के निदेशक विकासदीप सिंह संधू, डीएसओ मनोज कुमार, साई के वरिष्ठ प्रशिक्षक कुलदीप सिंह वडैच, पूर्व डीएसओ यशवीर सिंह, प्रिंसिपल दीपक सैनी, हाकी कोच नरेंद्र ठाकुर, समाजसेवी बलराज ग्रेवाल, वालीबॉल कोच राहुल सांगवान, हॉकी कोच साहिल, साइकिलिंग कोच कोमल शर्मा, अरुण चौहान, समाजसेवी विनोद गर्ग ने हरी झंडी देकर साइकिल रैली का शुभारंभ किया। इस साइकिल रैली ने साई सेंटर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नशा मुक्त हरियाणा का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में मनुष्य को अपने स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए खेल कूद गतिविधियों में भाग लेने की जरूरत है। इन खेलकूद गतिविधियों के साथ-साथ प्रत्येक मनुष्य को योग, साइकिलिंग और नियमित रूप से सैर को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण ने समाज को फिट रहने के लिए जन जागरण अभियान को शुरू करके एक सराहनीय कार्य किया है। इस फिट इंडिया अभियान में प्रत्येक व्यक्ति को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान के साथ जुड़कर नागरिक अपने आप को स्वस्थ बना सकता है, इसलिए इस अभियान के साथ सभी को जुड़ना चाहिए। इस प्रदेश के नागरिकों को स्वस्थ रहने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण की तरफ से चलाए जा रहे फिट इंडिया फिटनेस अभियान में भाग लेना होगा।

पहले कई किलोमीटर की दूरी पैदल तय करते थे

कोच गुरविंद्र सिंह ने कहा कि पहले एक व्यक्ति कई किलोमीटर की दूरी पैदल अथवा साइकिल से तय करता था, लेकिन आज हम मोटर गाड़ियों का प्रयोग आवश्यकता से अधिक कर रहे हैं। ऐसे में फिट इंडिया का महत्व भारत के लिए बढ़ जाता है। आज प्रौद्योगिकी ने हमारी शारीरिक क्षमता कम कर दी है और हमारी फिटनेस की आदत भी छीन ली है। साथ ही हम अपनी परंपरागत कार्यप्रणालियों और जीवनशैली से अनभिज्ञ होते जा रहे हैं, जो हमें स्वस्थ रख सकती हैं। ऐसे में यह मुहिम प्रदेश को अपनी परंपरागत कार्यप्रणालियों और जीवनशैली से जोड़ने का काम करेगी।

प्रत्येक व्यक्ति को जोड़ने का प्रयास

साई के सहायक निदेशक बाबू राम रावल ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण की तरफ से फिट इंडिया अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के साथ प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साई के सीनियर कोच कुलदीप सिंह वडैच ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर डीआईपीआरओ डा. नरेंद्र सिंह, पूर्व डीएसओ यशवीर सिंह, हॉकी प्रशिक्षक नरेंद्र ठाकुर, प्रशिक्षक सोहन लाल, पूनम कुमार, चांदराम, समाजसेवी बलराज ग्रेवाल, समाजसेवी विनोद गर्ग, नरेश सैनी, वीरभान राणा, अजायब सिंह, पीटीआई मनोज, मुनीष धीमान, अग्रसेन स्कूल से विकास और मनप्रीत कौर आदि उपस्थित थे।

भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा निकाली गई साइकिल रैली को दी हरी झंडी देते कोच गुरविंद्र सिंह।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें